पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामला दर्ज कर उसकी जांच शुरू कर दी है
कोलकाता, 24 अप्रैल। कलयुग के बदलते दौर में बेटियों को अभिशाप समझ जन्म लेते ही उनकी हत्या कर दी जाती है। देश के लगभग हर कोने में बेटी के जन्म लेने पर उसकी हत्या की खबर सामने आती है, लेकिन महानगर कोलकाता में एक मां ने बेटे के जन्म लेते ही उसको खिड़की से फेंक कर हत्या कर दी। घटना कस्बा थाना इलाके के पिकनिक गार्डेन की है। इस मामले में पुलिस ने निकोला स्टानिस्लास के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) शंख सुब्रो चक्रवर्ती ने बताया कि शनिवार को निकोला पेट में दर्द के कारण शौचालय गयी थी, जहां उसने बेटे को जन्म दिया। बेटे को जन्म देने के तुरंत बाद ही निकोला ने शौचालय में बने खिड़की से उस दुधमुहें बच्चे को बाहर फेंक दिया। शीशे टूटने और बच्चे की आवाज़ सुनकर आसपास के लोग इक्क_ा हो गए और देखा कि निकोला के खिड़की के बाहर का शीशा टूट कर बिखरा हुआ था और एक नवजात फर्श पर गिरा हुआ पड़ा था। घटना की सूचना कस्बा थाने की पुलिस को दी गयी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जच्चा और बच्चा दोनों को अस्पताल पहुंचाया।
निकोला के निचले हिस्से से रक्त का काफी रिसाव हो रहा था, जिसके कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया तो वहीं बच्चे को एनआईसीयू वार्ड में दाखिल किया गया, जहां 24 घंटे के बाद ही बच्चे ने दम तोड़ दिया। पुलिस सूत्रों की माने तो निकोला और उसका पति एनडी के बीच संपर्क बेहतर नहीं थे क्योंकि एनडी एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में काम करता था और रोज शराब पीकर घर लौटता था।
सूत्रों की माने तो एनडी और निकोला जून 2022 से लिव इन रिलेशन में रह रहे थे और नवंबर 2022 को दोनों ने विवाह कर लिया। विवाह के महज कुछ ही महीनों में निकोला के गर्भ अवस्था को लेकर एनडी के परिवार वाले उस पर सवाल उठाते थे। निकोला को यह ताना मारा जाता था कि यह बच्चा एनडी का नहीं बल्कि किसी और का है। ससुराल वालों का ताना सुन निकोला मानसिक अवसाद से ग्रस्त हो गयी थी और उसने आस पड़ोस के लोगों से बात करना और मिलना तक छोड़ दिया था। बहरहाल पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामला दर्ज कर उसकी जांच शुरू कर दी है।